एक्सग्रेशिया ग्रांट के तौर पर 2 करोड़ की राशि की घोषणा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सब इंस्पेक्टर चरनजीत सिंह के परिवार को एक्सग्रेशिया ग्रांट के तौर पर दो करोड़ की राशि देने की घोषणा की है। डीजीपी गौरव यादव ने सब इंस्पेक्टर के परिवार के साथ शोक व्यक्त किया है। हलका खडूर साहिब के विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा ने गांव कोट मोहम्मद खां में हुए घटनाक्रम पर चिंता जाहिर करते पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने का आश्वासन दिया है।
आप के गुंडों ने की एसआई हत्या: मजीठिया
शिअद बादल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि सब इंस्पेक्टर चरणजीत सिंह शहीद नहीं हुए, जैसा कि सीएम मान दावा कर रहे हैं। बल्कि उनकी हत्या आप के एक सरपंच ने की है। उसे आप खडूर साहिब के विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा का संरक्षण प्राप्त था। मजीठिया ने कहा कि सब इंस्पेक्टर अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की ओर से चलाई गई गोलियों से नहीं मरा, बल्कि उसकी हत्या आप के एक सरपंच ने की है।
आप विधायक और रिश्तेदारों ने फैलाया आतंक
मजीठिया ने कहा कि खडूर साहिब में पुलिस विभाग ने विधायक की अवैध मांगों के आगे घुटने टेक दिए हैं। विधायक ने एक ईमानदार और बेहतरीन पुलिस अधिकारी गुरमीत सिंह चौहान को हटाने में सफलता प्राप्त कर ली है, जिन्होंने विधायक के साले के खिलाफ अवैध खनन में शामिल होने के आरोप में कार्रवाई की थी। विधायक और उनके रिश्तेदारों ने आतंक फैला रखा है। बुधवार को उन्होंने पुलिस के हस्तक्षेप की परवाह नहीं की और एक पुलिस सब इंस्पेक्टर पर गोली चलाकर उसकी हत्या कर दी और दो अन्य पुलिसकर्मियों को गोली मारी।