थाना लोपोके के अंतर्गत पड़ते गांव वेरोके में एक मानसिक रूप से बीमार महिला की रविवार रात अज्ञात लोगों ने तेजधार हथियारों से हत्या कर दी। महिला के पति का आरोप है कि गत वर्ष गुरुद्वारा साहिब की गई बेअदबी के कारण हत्या की गई है।
मृतका बलविंदर कौर के पति लाभ सिंह के अनुसार वह दस सितंबर की रात को घर की छत पर सो रहे थे। उनकी पत्नी उसकी 9 वर्षीय दोहती नवदीप कौर के साथ कमरे में सो रही थी। उन्होंने कहा कि रात करीब तीन बजे उन्होंने अपनी दोहती के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनी तो नीचे आकर देखा कि उसकी पत्नी आंगन में गिरी हुई थी। उनकी दोनों टांगों पर तेजधार हथियार से काफी चोटें थीं और उनकी मौत हो चुकी थी।
उनकी दोहती ने बताया कि तीन अज्ञात व्यक्ति उनपर हमला करके भाग गए। लाभ सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी की हत्या निजी रंजिश के चलते की गई है। गत वर्ष उनकी पत्नी गांव के गुरुद्वारा साहिब के अंदर चप्पल डालकर दाखिल हुई और श्री गुरू ग्रंथ साहिब जी के चबूतरे पर भी चप्पल सहित चढ़ने लगी थी।
इसपर उसके खिलाफ कुछ श्रद्धालुओं ने मामला भी दर्ज करवाया गया और अब उनकी पत्नी जमानत पर थी। थाना अध्यक्ष ने बताया कि जांच जारी है लेकिन अब तक इस संबंध में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया।