अमृतसर के शहीद उधम सिंह नगर इलाके में व्यक्ति ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला खत्म कर ली। मृतक की पहचान हर्षदीप सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस को घटना स्थल से सुसाइड नोट भी मिला है। आरोप है कि हर्षदीप सिंह ने पत्नी और साले से दुखी होकर यह कदम उठाया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी मंजीत कौर उर्फ रानी और उसके भाई गौरव के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी अभी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है। वहीं मृतक का पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक के भाई हरमीत सिंह ने आरोप लगाया है कि उसके भाई हर्षदीप सिंह को उसकी पत्नी मंजीत कौर उर्फ रानी और साले गौरव ने आत्महत्या के लिए उकसाया है। इंस्पेक्टर बलजिंदर सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उनको गिरफ्तार करने के लिए छापामारी की जा रही है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका भाई हर्षदीप सिंह रिकवरी एजेंसी में काम करता था। कुछ साल पहले हर्षदीप सिंह की शादी मंजीत कौर के साथ हुई थी। शादी के बाद मंजीत कौर और उसका भाई गौरव किसी न किसी बात को लेकर घर पर कलेश करते रहते थे। इस बीच हर्षदीप सिंह को संदेह हुआ कि उनकी पत्नी मंजीत कौर के किसी अन्य पुरुष के साथ अवैध संबंध हैं। हर्षदीप सिंह ने पत्नी को कई बार समझाने का प्रयास किया। पत्नी को गलत काम छोड़ने की सलाह भी दी, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आई।
इन बातों को लेकर घर में कलेश इतना बढ़ गया था कि मंजीत और उसका भाई गौरव हर्षदीप के साथ मारपीट तक करते थे। शनिवार को भी इसी बात पर विवाद हुआ। उसके बाद उनके भाई ने जहरीला पदार्थ निगल कर जान दे दी।