अमृतसर में एनआरआई सुखचैन सिंह को घर में घुसकर गोलियां मारने के मामले की कड़ियां उसके ससुराल पक्ष से जुड़नी शुरू हो गई है। इसी के तहत पुलिस ने सुखचैन सिंह के पहले ससुर सहित पांच के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सरवन सिंह निवासी गांव बैंस टांडा होशियारपुर, जगजीत सिंह उर्फ जग्गू तरनतारन, चमकौर सिंह उर्फ छोटू निवासी तरनतारन, दिगंबर अतरी निवासी गली गंगा पिपल नजदीक एसबीआई बैंक और अभिलाष भास्कर निवासी कटरा आहलूवालिया के रूप में हुई है।
वहीं गोलियां चलाने वाले आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है। आरोपियों के नाम सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा निवासी कपूरथला और गुरकिरत सिंह निवासी जालंधर है। फिलहाल आरोपी फरार हैं।
पुलिस को अभी तक की जांच में पता चला है कि सुखचैन सिंह के ससुराल वालों ने ही हमले के तुरंत बाद आरोपियों के खाते में 25 हजार रुपये भिजवाए थे, जोकि अमेरिका से ट्रांसफर करवाए गए थे।
पुलिस कमिश्नर रणजीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि गोलियां चलाने के बाद आरोपी भाग कर सीधा जगजीत सिंह जग्गू और चमकौर सिंह उर्फ छोटू से मिले थे। इन्होंने दोनों की मदद की थी।
आरोपी दिगंबर अतरी अमृतसर में होटल चलाता है और आरोपी अभिलाष भास्कर वहां पर मैनेजर है। इन आरोपियों ने गोलियां चलाने वाले आरोपियों को 22 व 23 अगस्त को बिना किसी पहचान पत्र के इन्हें अपने होटल में पनाह दी थी। क्राइम करने के बाद दोनों हमलावर उक्त होटल में दोबारा फिर आए थे। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावरों के खाते में अमेरिका से पैसों की ट्रांजेक्शन भी हुई थी।
पुलिस को जांच में अलग-अलग ट्रांजेक्शन मिली है। लेकिन क्राइम होने के बाद हमलावरों के खाते में 25 हजार रुपये आए हुए मिले हैं। वहीं अभी तक की जांच में पता चला है कि गोलियां चलाने वाले दोनों ही आरोपी आपराधिक बैकग्राउंड से है। इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत पहले भी केस दर्ज है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि उनकी टीमें लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही गोलियां चलाने वाले आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।