दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के नाम पर अमृतसर के सिविल लाइंस इलाके के डॉक्टर से किसी ने फोन पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। इसके बाद डॉक्टर और उसके परिवार के सभी सदस्यों ने खुद को अपने घर में बंद कर लिया। रिश्तेदारों द्वारा हौसला देने के बाद इस डॉक्टर ने शुक्रवार को सिविल लाइंस थाने में इसकी शिकायत दे दी है।
जानकारी के मुताबिक सिविल लाइंस थाना इलाका के एक डॉक्टर को पिछले कई दिनों से इसके लिए फोन आ रहे थे। इस तरह की लगातार चार फोन कॉल आने के बाद डॉक्टर और उसका पूरा परिवार दहशत में आ गया। परिवार के सभी सदस्यों ने खुद को घर में बंद कर लिया। फोन करने वाले ने जान से मारने की धमकियां देते हुए कहा कि उसका कहना नहीं मानने पर वह उसके परिवार को भी नुकसान पहुंचा सकता है।
डॉक्टर ने शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें एक फोन कॉल आई और दूसरी ओर से बोलने वाले ने कहा कि वह जग्गू भगवानपुरिया का बहुत करीबी बोल रहा है। फोन करने वाले ने उनसे एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और इसकी पुलिस को जानकारी देने पर नतीजे भुगतने की धमकियां दी।
डॉक्टर ने शुक्रवार को पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वे इसमें किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं चाहते, लेकिन यह शिकायत पुलिस के सूचनाहित है। इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई और डॉक्टर के मोबाइल फोन पर कॉल करने वाले नंबरों को खंगाल रही है, ताकि इसके पीछे लोगों का पता लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें : पंजाब में डेंगू का कहर: मरीजों की संख्या 10 हजार के पार, 22 जिलों से लिए गए 28 हजार नमूनों में हुआ खुलासा
‘पुलिस कर रही जांच’
सिविल लाइंस के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शिवदर्शन सिंह तो इसके बारे कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। वहीं, एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि यह साजिश किसी बुकी (जुआरी) की भी हो सकती है। दिवाली के दिनों में लोग जुआ खेलने लगते हैं, तो हो सकता है कि किसी बुकी ने यह हरकत की हो। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है।
कई बार प्रैंक कॉल्स भी आती हैं। शिकायतकर्ता को धमकी वाली कॉल्स प्रैंक भी हो सकती हैं। इस तरह की शिकायत मिलने के बाद वेरिफाई किया जा रहा है। शिकायतकर्ता की ओर से बताए गए मोबाइल नंबरों को खंगाला जा रहा है।
- डा. सुखचैन सिंह, पुलिस कमिश्नर