आपराधिक मामले में बेगुनाह करने के एवज में पांच हजार रुपये की रिश्वत लेने वाले चौकी हंबड़ा में तैनात कांस्टेबल सतनाम सिंह को विजिलेंस की टीम ने मंगलवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को चौकी के अंदर पैसे लेते गिरफ्तार किया। आरोपी कांस्टेबल सतनाम सिंह के खिलाफ विजिलेंस की टीम ने भ्रष्टाचार निरोधक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
एसएसपी विजिलेंस रुपिंदर सिंह ने कहा कि गांव खहरा बेट के रहने वाले दर्शन सिंह के खिलाफ थाना लाडोवाल में आपराधिक मामला दर्ज हुआ था। इसकी तफ्तीश सतनाम सिंह के पास थी। दर्शन सिंह ने कांस्टेबल सतनाम सिंह से उसे मामले से बेगुनाह करने की सिफारिश की। इस पर सतनाम ने दस हजार रुपये बतौर रिश्वत मांग लिए।
सतनाम ने दो हजार रुपये एडवांस ले लिए बाकी के पांच हजार रुपये मंगलवार को देने थे और तीन हजार रुपये काम होने के बाद देने थे। दर्शन सिंह ने इसकी शिकायत विजिलेंस के पास की। जैसे ही दर्शन सिंह ने मंगलवार को आरोपी कांस्टेबल सतनाम सिंह को पैसे दिए तो विजिलेंस टीम ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया।