पुलिस थाना फतेहगढ़ चूड़ियां ने लाखों रुपये की धोखाधड़ी के दो मामलों में एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामला फर्जी फर्म के नाम पर फर्जी पहचान बताकर पेस्टीसाइड कंपनी के स्टोर से पेस्टीसाइड खरीदने का है।
डीएसपी फतेहगढ़ चूड़िया किरपाल सिंह ने बताया कि पहला मामला ओसवाल कृषि रसाइन कंपनी बठिंडा के रीजनल मैनेजर मुख्तार सिंह के बयान पर दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता मुख्तार सिंह ने 31 मार्च 2015 को शिकायत दर्ज करवाई थी कि हरदीप सिंह उर्फ राजकरण सिंह ने उनकी फर्म से अपनी फर्जी फर्म की पहचान बनाकर, फर्जी आईडी दिखाकर 9,21,620 रुपये की दवाएं न्यू बाजवा खेती स्टोर से खरीदी थीं। उसने कंपनी को चेक दिया था जो बाउंस हो गया। आरोपी ने कं पनी को केवल 20 हजार रुपये ही वापस किए हैं।
डीएसपी फतेहगढ़ चूड़िया किरपाल सिंह ने बताया कि दूसरा धोखाधड़ी का मामला भी उक्त आरोपी के ही खिलाफ है। मामला चंडीगढ़ की एक पेस्टीसाइड कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर तैनात सुखदीप सिंह वासी चौहान के बयान पर दर्ज किया गया है।
डीएसपी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने उक्त आरोपी पर अपनी गलत पहचान और फर्जी रूप में उक्त कंपनी के स्टोर से 8,33,760 रुपये की दवाएं खरीदकर फर्जी चेक देने के आरोप लगाए थे। उक्त राशि में से उसने केवल 1,93,000 रुपये वापस किए।
डीएसपी ने बताया कि दोनों शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने जब पड़ताल की तो आरोप सही पाए गए। फतहेगढ़ चूड़िया की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
डीसपी ने बताया कि जांच के दौरान ही उक्त आरोपी ने कोर्ट में जमानत याचिका दी थी। अब कोर्ट ने उक्त आरोपी को सात दिनों के लिए नोटिस देने के आदेश दिए हैं और वह नोटिस दे दिया गया है। पुलिस सात दिन के बाद उक्त आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी।