फगवाड़ा में एसपी जसबीर सिंह राए आतंकी की गिरफ्तारी संबंधी जानकारी देते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
सिटी पुलिस फगवाड़ा और सीआईए स्टाफ की टीम ने सजायाफ्ता आतंकी को पिस्तौल के साथ काबू किया है।
काबू आतंकी से 2007 में आरडीएक्स और बम बरामद किए गए थे, जो नूरमहल में दिव्य ज्योति संस्थान के मुखी को उड़ाने के लिए था। इस मामले में आतंकी नाभा जेल से सात साल की कैद भुगत कर आया था। एसएसपी कपूरथला राजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है कि यह पिस्तौल किस उद्देश्य से लेकर आया था।
एसपी फगवाड़ा जसबीर सिंह राए ने बताया कि डीएसपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों की अगुवाई में सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह और सीआईए स्टाफ के एएसआई परमजीत सिंह पीपा रंगी रोड पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान एक काले रंग की सफारी (एचआर 29 0399) को रोका गया। इसमें गुरविंदर सिंह वासी गली नंबर 3, फ्रेंडस कालोनी फगवाड़ा बैठा था। तलाशी लेने पर गुरविंदर के पास से एक .32 बोर का पिस्तौल, 3 कारतूस और मैगजीन बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ थाना सिटी में असलहा एक्ट के अधीन मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि गुरविंदर बब्बर खालसा इंटरनेशनल आतंकी संगठन से जुड़ा है और पहले भी आतंकवाद संबंधी एक केस भुगत चुका है। दिसंबर 2007 में इसके पास से आरडीएक्स बम बरामद किया गया था। इसमें गुरविंदर को सात साल की कैद हुई थी। जिस आतंकी मॉड्यूल के साथ इसे काबू किया गया था। उसके निशाने पर डेरा सच्चा सौदा मुखी राम रहीम, बाबा भनियारा वाला, दिव्य ज्योति संस्थान के मुखी आशुतोष और आतंकवाद विरोधी फ्रंट के मनिंदरजीत सिंह बिट्टा थे।