पुलिस ने श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने आने वाले श्रद्धालुओं को लूटने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को काबू किया है। लड्डू-लाटू गिरोह के सदस्य उस समय श्रद्धालुओं को हथियार के बल पर लूट लेते थे, जब वे श्री हरमंदिर साहिब में सुबह माथा टेकने के लिए निकलते थे। पुलिस अब ऐसे आटो चालकों तक पहुंचने की फिराक में है जो इस गिरोह को लोगों के बारे में जानकारी देते थे।
डीसीपी गगनजीत सिंह ने बताया कि आरापियों की पहचान विक्की उर्फ लाटू, साहिल उर्फ लड्डू, अक्षय उर्फ बल्ले, सुमित उर्फ वहिया व रवि उर्फ भीड़ी के तौर पर हुई है। उनके पास से देसी पिस्तौल 315 बोर, 450 नशीली दवाएं, चार सोने की अंगूठी, 10 मोबाइल, सात लेडीज पर्स और दो बाइक बरामद की हैं।
सीआईए स्टाफ के एएसआई बलबीर सिंह ने इन पांचों को नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार पांचों आरोपियों में विक्की उर्फ लाटू बीते छह महीने से जमानत पर है। इसके पहलेे लाटू सुबह-सुबह फैक्टरी या चौकीदार को बंदी बनाकर लूटपाट करता रहा है। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। यह गिरोह अब तक कई देश-विदेश के श्रद्धालुओं को लूट चुका है। पुलिस अब तक मिले दस मोबाइल के मालिकों तक पहुंचने के लिए उनके नंबरों को ट्रेस कर रही है।