दोस्तों ने अपने एक अन्य साथी की गला घोटकर हत्या कर दी और इसके बाद शव को एक्टिवा पर लाद कर एक सुनसान जगह पर फेंक दिया। एक्टिवा पर ले जाते समय का पूरा घटनाक्रम इलाके में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया।
मृतक युवक का नाम सौरभ है और वह गुरु नानकपुरा इलाके का रहने वाला था। वह 27 मई से गायब था। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दो युवक एक अन्य युवक को अपने बीच बैठाकर दोपहिया वाहन पर ले जा रहे हैं।
परिजनों के अनुसार सौरभ घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस में भी शिकायत दर्ज करवाई थी। बाद में उसका शव बरामद हुआ।
मां बोली-गला घोंटकर मारा
मृतक की मां परमजीत ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की गला घोंटकर हत्या की गई। उनका कहना है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे कपड़े वही हैं, जिन्हें पहनकर सौरभ घर से निकला था। परिवार का आरोप है कि हत्या के बाद शव को एक्टिवा पर ले जाकर अमृतसर के एक इलाके में फेंक दिया गया।
मामले की जांच कर रहे चौकी इंचार्ज हर्षण दीप सिंह ने कहा कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। इसके अलावा वायरल वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।