रात के अंधेरे में लोगों से पिस्तौल दिखाकर कार छीनने वाले ढोटी गैंग के तीन सदस्यों को सीआईए स्टाफ ने नाका लगाकर दबोच लिया। उनसे दो पिस्टल 32 बोर, 14 कारतूस, एक चोरी की कार बरामद की गई है।
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेशकर दो दिन के रिमांड पर ले लिया है। आरोपियों की पहचान शुभम सिंह निवासी पुलिस लाइन क्वार्टर, महंत यादविंद्र सिंह निवासी तरनतारन रोड, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी मजीठा रोड के तौर पर हुई है।
डीसीपी क्राइम लखबीर सिंह ने बताया कि मंगलवार देर रात सीआईए स्टाफ को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली कि ढोटी गैंग के तीन सदस्य अमृतसर में किसी को कार बेचने जा रहे हैं। सीआईए स्टाफ के एएसआई कुलवंत सिंह के नेतृत्व में सुल्तानविंड के पास नाका लगाया गया। नाके के दौरान एक सफेद रंग की कार को रोककर तलाशी लेने पर आरोपियों से दो पिस्टल 32 बोर, 14 जिंदा कारतूस, एक चोरी की कार बरामद हुई है।
एक आरोपी पुलिस मुलाजिम का बेटा
ढोटी गैंग में एक सदस्य जिसका नाम शुभम सिंह है उसके पिता पुलिस में हवलदार हैं। शुभम के खिलाफ अलग-अलग थाना में कई केस दर्ज हैं। नशे की लत ने उसे इस गैंग का सदस्य बना दिया।