विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों की ठगी
चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। चार लोगों को विदेश भेजने के नाम पर जाली वीजा थमाकर 3 लाख 60 हजार रुपये की ठगी करने के आरोप में सिविल लाइन पुलिस बटाला ने एक ट्रेवल एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
सिविल लाइन के एएसआई संतोख सिंह ने बताया कि गांव कोट कुलजस राय के रहने वाले प्रताप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पवन प्रभाकर निवासी बटाला ने उससे, उसके साथी मनिंदर सिंह, अमरजीत सिंह और रशपाल सिंह वासी आधोवाली से 3 लाख 60 हजार रुपये लिए थे। इसके अलावा उनसे 12वीं के सर्टिफिकेट और पासपोर्ट भी लिए थे। इसके बाद उक्त आरोपी एजेंट ने उनके जाली वीजा लगवा दिए। जब उन्हें पता चला कि उनके वीजा जाली हैं तो उन्होंने उनके पैसे वापस करने की मांग की। अब उक्त आरोपी एजेंट न तो उनके पैसे वापस किए हैं औैर न ही उनके पासपोर्ट और सर्टिफिकेट वापस किए हैं। एएसआई संतोख सिंह ने बताया कि पुलिस ने प्रताप सिंह के आरोपों को सही मानते हुए आरोपी ट्रेवल एजेंट पवन प्रभाकर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं एक अन्य मामले में थाना सिटी में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर दो लोगों से 3 लाख 96 हजार रुपये की ठगी करने के आरोप में तीन लोगों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में सतनाम सिंह वासी गांव दकोहा ने बताया है कि आरोपी गुरदीप सिंह, बिल्ला और निर्मल सिंह ने उसके बेटे सुखमनदीप सिंह और सुखविंदर सिंह के बेटे गुरप्रीत सिंह को नौकरी लगवाने का झांसा देकर उनसे 3 लाख 96 हजार रुपये की ठगी की है। पैसे लेने के बाद आरोपियों ने उनके बेटों को कोई नौकरी नहीं दिलवाई है। ऐसा करके उन्होंने उनसे धोखाधड़ी की है। शिकायतकर्ता सतनाम सिंह के आरोपों की जांच सीआईए स्टाफ बटाला के इंचार्ज अरविंदर सिंह ने की तो आरोप ठीक पाए जाने के बाद एसएसपी बटाला के आदेश पर उक्त तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी बटाला में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।