महिला ने साथी संग दिया था दोनों बच्चों को जहर
देवर के बयान पर महिला उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। गांव बहादुर हुसैन सोमवार की देर शाम को मां ने अपने साथी के साथ मिलकर दोनों बच्चों को जहर दिया था। इस बात का खुलासा महिला के देवर ने पुलिस को दिये बयान में किया है। थाना रंगड नंगल पुलिस ने मंगलवार को सुबह देवर मसकीन मसीह निवासी आलोवाल के बयान पर आरोपी मां नरगिस और उसके साथी जसविंदर सिंह निवासी गांव बहादुर हुसैन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
वहीं एसएचओ बलजीत कौर का कहना है कि दोनों ही आरोपी नरगिस और जसविंदर सिंह का उपचार बटाला के सिविल अस्पताल में चल रहा है। पता भी चला है कि नरगिस के पति यूसुफ मसीह ने करीब तीन महीने पहले सुसाइड किया था। वहीं पुलिस को दिए गए बयान में मसकीन मसीह ने बताया है कि उसकी भाभी नरगिस के चार बच्चे हैं और वह अपने दो बच्चों राहुल और बेटी हैपी को लेकर करीब 7 महीने से पहले से ही शादीशुदा युवक जसविंदर सिंह निवासी बहादुर हुसैन के साथ रह रही थी। नरगिस के दूसरे दोनों बच्चे उसके पास रहते है। उसकी भतीजी रोशनी ने सोमवार को उसे कहा कि वह अपनी बहन हैपी से मिलना चाहती है। इस पर वह गांव बहादुर हुसैन जसविंदर सिंह के घर हैपी से मिलने पहुंचा।
इसी दौरान आरोपी मां नरगिस अपने साथी जसविंदर से कह रही थी कि जो जहरीली दवा उसने उसको लाकर दी थी, वह उसने अपने बेटे राहुल और बेटी हैपी को दे दी है। मसकीन मसीह ने बताया कि यह सुनकर जब उसने अंदर कमरे में देखा तो हैपी और राहुल दोनों कमरे में मृत पड़े थे। इसके बाद उसने पुलिस थाना रंगड नंगल को सूचित किया। देवर मसकीन मसीह ने आरोप लगाया कि उसकी भाभी और उसके साथी ने उसकी भतीजी हैपी और भतीजा राहुल को अपने रास्ते से हटाने के लिये दोनों बच्चों की हत्या कर दी है।