एफ आईआर वापस नहीं ली तो युवक ने निगला जहर, मौत
सुसाइड नोट में अपनी मौत का जिम्मेदार दो लोगों को ठहराया
पुुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ दर्ज किया केस
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला।
मोहल्ला सुंदर नगर के रहने वाले एक युवक ने मंगलवार को जहर निगल लिया जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। पारिवारिक सदस्यों ने उसे गंभीर हालत में बटाला के सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे अमृतसर रेफर कर दिया गया। अमृतसर पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। युवक के जहर खाने का कारण एक विवाहिता की ओर से उसके खिलाफ थाने में दी गई शिकायत को बताया जा रहा है। मंगलवार को जब महिला और उसके परिजनों ने शिकायत वापस लेने से इंकार कर दिया तो युवक ने जहर निगल लिया। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक के भाई इंद्रजीत सिंह पुत्र सविंदर सिंह वासी सुंदर नगर बटाला ने बताया कि उसका भाई सिमरजीत सिंह (26) प्राइवेट ड्राइवर था। उसके भाई ने अपने एफबी अकाउंट पर अपनी पड़ोसन युवती की तस्वीर लगाई थी। रविवार को उक्त युवती ने इस विषय को लेकर उसके भाई सिमरजीत सिंह की थाना सिविल लाइन बटाला में शिकायत दर्ज करवाई थी। जब मामला थाने पहुंच गया तो पहलेे वह और उसके पिता उक्त युवती के घर गए और माफी मांगी। इसके बाद मंगलवार को दोनों पक्षों में राजीनामा होना था। इससे पहले मंगलवार सुबह उसका भाई सिमरजीत सिंह उक्त युवती के घर गया, माफी मांगी और कहा कि वह आगे से ऐसा नही करेगा। इंद्रजीत सिंह ने बताया कि उसके भाई ने उसके खिलाफ थाने में की गई शिकायत को वापस लेने का आग्रह किया लेकिन दूसरे पक्ष ने मना कर दिया। यह बात सुनकर उसके भाई सिमरजीत सिंह ने परेशान होकर सल्फास की गोलियां निगल लीं और घर पहुंचकर उल्टियां करने लगा। कुछ पलों में सिमरजीत की हालत बिगड़ने लगी। उसे बटाला के एक नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद बटाला के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उसे अमृतसर रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में सिमरजीत सिंह की मौत हो गई। भाई इंद्रजीत सिंह ने बताया कि सिमरजीत सिंह की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार उक्त युवती और उसके पति को ठहराया है। इस संबंध में थाना सिविल लाइन के एएसआई औैर जांच अधिकारी हरदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता सविंदर सिंह के बयान पर शिकायतकर्ता युवती औैर उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपी पति-पत्नी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
फोटो- 08जीडीआरबीटीएलपी03 ऐ
कैप्शन- सिविल अस्पताल बटाला में सुसाइड नोट दिखाकर जानकारी देते हुए मृतक के पिता और भाई।
फोटो- 08जीडीआरबीटीएलपी03 बी
कैप्शन- सिमरजीत सिंह की फाइल फोटो।