बुजुर्ग को घायल कर रुपये और जेवर ले गई
अमर उजाला ब्यूरो
तरनतारन। पति से मनमुटाव के चलते मायके में रह रही पत्नी ने परिजनों के साथ मिलकर ससुराल में खूब हंगामा किया। पति की बुजुर्ग दादी से मारपीट कर महिला रुपये और जेवरात ले गई।
डायमंड कालोनी तरनतारन निवासी रजिंदर सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह ने बताया कि उसका विवाह गांव कुड़ीवलाह निवासी जसवंत सिंह की बेटी मनप्रीत कौर के साथ हुआ था। पति-पत्नी में किसी बात को लेकर मन मुटाव रहने लगा। मनप्रीत कौर अपने पति का घर छोड़ मायके लौट गई। शाम को 5 बजे मनप्रीत कौर अपनी मां परमजीत कौर, पिता जसवंत सिंह भाई जीवनजोत सिंह, किरनजोत सिंह के साथ मिलकर घर में दाखिल हुई। उस समय रजिंदर सिंह के घर में बुजुर्ग दादी जसविंदर कौर थी। उक्त लोगों ने पहले घर का दरवाजा खुलवाने के लिए शोर मचाया। जसविंदर कौर ने जब गेट खोलने से मना किया तो मनप्रीत कौर गाली-गलौच करते हुए दीवार फांद घर में दाखिल हुई। इसके बाद मनप्रीत कौर ने दरवाजे का गेट खोलकर बाकी परिजनों को अंदर बुला लिया। जसविंदर कौर से मारपीट की गई। आरोपियों ने घर की अलमारी से ढाई लाख के सोने के जेवर, एक लाख की नकदी व अन्य सामान चोरी कर लिया। थाना सिटी के प्रभारी सुखराज सिंह ने बताया कि ड्यूटी अफसर अमरीक सिंह ने मौके पर जाकर राजिंदर सिंह के बयान दर्ज किए। इसके बाद उक्त आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।