कर्ज से परेशान किसान ने लगाई आग, मौत
बेटे के विदेश में सेटल न होने से था परेशान, आठ लाख का था कर्ज
गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शनिवार को दम तोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट। जिले के गांव वांदर जटाना में कर्ज लेकर विदेश भेजे बेटे के वहां सेटल न होने से परेशान एक किसान ने आग लगाकर जान दे दी। किसान सुखदेव सिंह (55) पुत्र हरभजन सिंह ने सात फरवरी को आग लगाई थी। गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। शनिवार को उनकी मौत हो गई। मामले में थाना सदर कोटकपूरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद वारिसों को सौंप दिया है।
गांव वांदर जटाना निवासी किसान सुखदेव सिंह (55) के पास दो एकड़ जमीन थी। तीन बेटियां और एक बेटे के पिता सुखदेव सिंह ने जैसे तैसे बेटियों की शादी कर दी लेकिन इसके बाद वह कर्ज के बोझ से दब गया। बढ़ते कर्ज का बोझ कम करने के लिए सुखदेव सिंह ने कुछ और कर्ज लेकर अपने बेटे को विदेश में कमाई करने के लिए भेजने का मन बनाया। उसने अपने बेटे को दो साल पहले मलयेशिया भेज दिया लेकिन वहां उसका अब तक सेटलमेंट नहीं हो पाया। इससे उसकी परेशानियां और बढ़ गई। मानसिक तनाव में दो दिन पहले उसने अपने आप को आग लगा ली। उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई गुरदीप सिंह ने बताया कि सुखदेव सिंह के सिर पर आढ़ती, सहकारी सभा, बैंकों का करीब 8 लाख रुपये का कर्ज था। उन्होंने इस बात पर रोष जताया कि पंजाब सरकार सरकार की कर्ज माफी स्कीम में भी उसका नाम नहीं आया था और सरकार की तरफ से मिलने वाली मदद भी न मिलने की वजह से भी वह परेशान था। जांच अधिकारी एएसआई बेअंत सिंह ने बताया कि पुलिस की ओर से परिवार के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
------------
फोटो 09एफआरडीपी01-मृतक किसान सुखदेव सिंह
---------