गैंगस्टर का फेसबुक पर पोस्ट, एसएचओ और गनमैन नशा तस्कर
एसएसपी ने जांच के लिए गठित की समिति
कहा- कुछ आरोपी जानबूझकर करते हैं ऐसी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर। पंजाब में नशे का मुद्दा गंभीर होता जा रहा है। पंजाब के कई पुलिस अधिकारियों पर भी नशा बेचने में सम्मिलित होने के आरोप लग रहे हैं। गैंगस्टर हैरी मजीठा ने फेसबुक पर एक पोस्ट अपलोड करके गुरदासपुर में तैनात एसएचओ राजिंदर कुमार और उसके गनमैन जतिंदर सिंह पर नशा तस्करी के आरोप लगाए हैं।
पोस्ट में गैंगस्टर हैरी मजीठा ने लिखा है कि पांच साल से एसएचओ राजिंदर कुमार और उसका गनमैन जतिंदर सिंह नशे का कारोबार कर रहे हैं लेकिन पुलिस इन पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। दूसरी तरफ़ एसएसपी गुरदासपुर हरचरन सिंह भुल्लर का कहना है कि जो पोस्ट वायरल हो रहा है उसकी जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी का कहना है कि कई बार कुछ आरोपी जान बूझकर ऐसी कार्रवाई को अंजाम देते हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि मामले में जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया है। इसमें एक एसपी (डी), दो डीएसपी (रूरल) और (कलानौर) शामिल हैं। जो भी दोषी पाया गया उसके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी।