अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी परिसर स्थित श्री गुरु अर्जन देव निवास अस्थान में कार्यरत एक सेवादार ने अपने परिवार के साथ श्री हरमंदिर साहिब के दर्शनों के लिए आईं एक नाबालिग के साथ छेड़छाड़ की। पता लगने पर नाबालिग के परिजनों ने आरोपी अस्थायी सफाई कर्मचारी खुशविंदर उर्फ शेरा को खूब पीटा। इसके बाद शेरा को गलियारा पुलिस चौकी में पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं एसजीपीसी ने इस अस्थायी कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया। जानकारी के अनुसार परिवार श्री दरबार साहिब में श्री अखंड पाठ के लिए आया था। इस परिवार ने श्री गुरु अर्जन देव निवास अस्थान में एक कमरा बुक करवाया हुआ था। कमरों की सफाई के दौरान शेरा ने मौका पाकर इस बच्ची को छेड़ा। बच्ची के परिजनों ने शेरा को पहले पीटा, फिर पुलिस थाने में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
एसजीपीसी के सराय मैनेजर गुरप्रीत सिंह ने कहा कि आरोपी को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है। एसजीपीसी के पास पूरे घटना क्रम की सीसीटीवी फुटेज है। शेरा बीते चार वर्षों से काम कर रहा था।