बटाला। थाना किला लाल सिंह के अधीन पड़ते एतिहासिक गुरुद्वारा श्री होठियां साहिब में सोमवार रात चार नकाबपोशों ने गोलक तोड़कर सारी नकदी चुरा ली। चोरों ने पहले गुरुद्वारा साहिब के दरवाजों के ताले तोड़े फिर गोलक के ताले तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस गुरुद्वारा साहिब में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालने में लगी है।
एसजीपीसी मेंबर सज्जन सिंह बज्जुमान ने बताया कि गत रात चोर करीब साढ़े 12 बजे गुरुद्वारा साहिब के गेट के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए। उसके बाद उन्होंने गोलक तोड़ी और सारी नकदी चुरा ली। चुराई गई नकदी करीब 3 लाख रुपये है। चोरी की घटना का तब पता चला जब सुबह ग्रंथी सिंह पाठ करने के लिए गुरुद्वारा साहिब में आए। उसके बाद गुरुद्वारा साहिब में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। इसमें चोर गोलक से नकदी चुराते साफ कैद हो गए। चोरी संबंधी थाना किला लाल सिंह पुलिस को शिकायत दी गई है। थाना किला लाल सिंह के एसएचओ रोबिन हंस ने बताया कि पुलिस ने घटना का जायजा लेकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।