पेट्रोल छिड़ककर पत्नी को जलाया
थाना हरिके पुलिस ने पति के खिलाफ दर्ज किया केस
अमर उजाला ब्यूरो
तरनतारन। शराब पीने से मना करने पर गुस्साए पति ने पेट्रोल छिड़ककर पति को जला दिया। गंभीर हालत में पत्नी को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है। थाना हरिके पुलिस ने महिला के पिता के बयान पर उसके पति के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कस्बा भिखीविंड निवासी हरजिंदर सिंह पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसने अपनी लड़की सिमरनजीत कौर का विवाह 11 वर्ष पहले गांव किरतोवाल कलां निवासी बलवंत सिंह के लड़के रंजीत सिंह से किया था। रंजीत सिंह उस समय आरएमपी डॉक्टर था। बाद में उसने करियाने की दुकान कर ली। उन्होंने बताया कि रंजीत सिंह शराब पीने का आदी था। सिमरनजीत कौर अपने बच्चों का वास्ता देकर उसे नशा करने से मना करती थी।
रंजीत सिंह एक वर्ष पहले गांव किरतोवाल कलां छोड़ गांव ठट्ठिया खुर्द में रहने लगा। वहां पर वीरवार को सिमरनजीत कौर ने उसे शराब पीने से मना किया। इससे गुस्साए रंजीत सिंह ने अपनी पत्नी पर सिमरनजीत कौर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। झुलसी सिमरनजीत कौर को गंभीर हालत अस्पताल में दाखिल करवाया गया। डीएसपी पट्टी आजाद दविंदर सिंह ने बताया कि थाना हरीके पुलिस ने रंजीत सिंह के खिलाफ इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में छापामारी कर रही है। एएसआई कर्मजीत कौर को मामले की जांच सौंपी गई है।