थाना डेरा बाबा नानक पुलिस ने आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर ठगी करने वाले तीन ट्रेवल एजेंटों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर किया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
शिकायतकर्ता प्रदीप सिंह वासी मोहल्ला फतेह सिंह डेरा बाबा नानक ने एसएसपी बटाला को दी शिकायत में बताया था कि कुछ समय पहले वह तीन लोगों के संपर्क में आया था।
उन्होंने अपने आप को ट्रेवल एजेंट बताते हुए लोगों को विदेश भेजने की बात कही थी। प्रदीप सिंह ने बताया कि वह उक्त तीनों ट्रेवल एजेंटों के झांसे में आ गया।
उक्त एजेंटों ने उसे और उसके भाई सतनाम सिंह को ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए उनसे 13 लाख 70 हजार रुपये ले लिए। साथ ही उनके पासपोर्ट और अन्य कागजात भी ले लिए। बाद में उन्हें नकली दस्तावेज दे दिए जिसके कारण वह और उनका भाई सतनाम सिंह आस्ट्रेलिया नहीं जा सके।
प्रदीप सिंह ने बताया कि उन्होंने कई बार उक्त एजेंटों से अपने पैसे और पासपोर्ट वापस मांगे लेकिन उन्होंने न तो उनको पासपोर्ट वापस किया और न ही पैसे दिए, न ही ऑस्ट्रेलिया भेजा। एसएसपी बटाला ने मामले की जांच एसपी इनवेस्टीगेशन प्रदीप कुमार को करने को कहा।
जांच में प्रदीप सिंह की ओर से लगाए गए आरोप सही पाए गए। आरोप ठीक पाए जाने की सूरत में एसएसपी बटाला के निर्देश पर थाना डेरा बाबा नानक पुलिस ने आरोपी जसबीर सिंह घुलाल लुधियाना, कर्म सिंह वासी गांव अलगो कोठी तरनतारन और कुलदीप सिंह वासी काला छेहरटा अमृतसर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।