जूनियर इंजिनियर ने किया 25 लाख का गबन
वर्ल्ड बैंक प्रोजेक्ट के तहत मिल था फंड
डीएसपी ने कहा- मिलीभगत में शामिल पंचायतों पर भी होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर। थाना घुम्मन कलां की पुलिस ने एक जूनियर इंजीनियर पर वर्ल्ड बैंक प्रोजेक्ट के तहत मिली रकम को पंचायतों से मिलीभगत कर खुदबुर्द करने के आरोप में केस दर्ज हुआ है। यह जेई जल सप्लाई और सैनिटेशन विभाग में कार्य करता था।
एसएसपी हरचरण सिंह भुल्लर को विजय कुमार कार्यकारी इंजीनियर जल सैनिटेशन मंडल गुरदासपुर ने 1 मई 2018 को शिकायत दर्ज कराई कि सर्बजीत सिंह जूनियर इंजीनियर निवासी मानकौर पंडोरी रोड ने वर्ल्ड बैंक प्रोजेक्ट के तहत मिला फंड में पंचायतों के साथ मिलकर गबन किया है। इसके साथ बिजली बिलों की 17 लाख 94 हजार 765 रुपये और पंचायतों से संबधित 6 लाख 74 हजार 34 रुपये की राशी का गबन किया है। यह गबन 1 जुलाई 2010 से 31 दिसंबर 2015 के कार्यकाल के दौरान किया गया है। एसएसपी ने डीएसपी गुरबंस सिंह बैंस ने विशेष तौर पर जांच इंजीनियर हरसतिंदर सिंह ढिल्लों निगरान इंजीनियर जल एंव सैनिटेशन हलका लुधियाना तथा प्रीतपाल सिंह कंट्रोलर (वित्त तथा लेखा) विभाग जल एवं सैनिटेशन विभाग पटियाला से प्राप्त करने के बाद डीए लीगल की राय लेकर आरोपी सर्बजीत सिंह के खिलाफ आईपीसी धारा 409, 465, 467, 468, 471 तथा 13(2) पीसी एक्ट 1988 के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी की तलाश जारी है।
इस संबंध में डीएसपी गुरबंस सिंह बैंस से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जांच जारी है। जिन जिन पंचायतों के साथ मिल कर आरोपी ने गबन किया है उनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाएगा।