तरनतारन में सरेआम गुंडागर्दी, दुकानदारों ने छुपकर बचाई जान
अमर उजाला ब्यूरो
तरनतारन
तरनतारन के स्थित अड्डा बाजार में कुछ शरारती युवकों ने बाजार में जमकर गुंडागर्दी की। बाजार में लगभग 12 से 15 दुकानों में तोड़फोड़ की गई। युवकों के हाथ में तलवारें दातर और बेसबॉल थे। इन लड़कों ने दुकानों को तोड़ते हुए ऐसी दहशत मचाई के दुकानदारों ने छिपकर अपनी जान बचाई। युवकों ने कुछ दुकानदारों पर तलवार और दातर से हमला भी किया। इस गुंडागर्दी की वजह उक्त युवकों द्वारा किसी दुकानदार के साथ रुपयों के लेनदेन को लेकर हुए झगड़े का मामला बताया जा रहा है।
दुकानदार बलबीर सिंह विकी ने बताया कि अड्डा बाजार में चार-पांच अज्ञात युवकों का किसी दुकानदार के साथ रुपयों के लेनदेन लेकर झगड़ा चल रहा था । आज यह युवक उक्त दुकानदार के साथ आकर झगड़ने लगे जब आस पड़ोस के दुकानदारों ने उन्हें ऐसा करने से मना किया तो तैयारी में आए युवकों ने अपने 10 -12 साथियों को बुला लिया जो युवक आए उनके हाथों में तलवारे बेसबॉल और दातर थे । इन युवकों ने आते ही बाजार में गुंडागर्दी का नंगा नाच शुरू कर दिया और जमकर दुकानों की तोड़फोड़ की उन्होंने दुकानदारों पर हमला करते हुए उन्हें तलवार और दातर मारकर घायल किया।
दुकानदारों का आरोप था कि इस मामले की सूचना पुलिस को देने के बावजूद भी पुलिसकर्मियों ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। कार्रवाई में देरी होने के कारण दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे विधायक डॉ धर्मवीर अग्निहोत्री ने कहा कि दुकानदारों के साथ की गई गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस ने लापरवाही की है। तो पुलिस की भी खिंचाई होगी। इस मामले में डीएसपी सिटी सतनाम सिंह बताया कि किसी भी कीमत पर पर शहर का माहौल बिगड़ने नहीं दिया जाएगा शरारती लोगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।