दुकानों से मोबाइल और नकदी चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
नवांशहर।
बुधवार-वीरवार की मध्य रात को करियाम रोड पर स्थित एक मोबाइल की दुकान व करियाम स्थित एक मनियारी की दुकान पर चोरी की घटना सामने आई हैं। दोनों ही घटनाएं सीसीटीवी में कैद हो गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। करियाम रोड पर मार्कफेड के गोदाम के सामने स्थित जांगड़ा टेलीकॉम के मालिक चरनजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात को वे रोजाना की तरह 8 बजे दुकान बंद करके गए थे। सुबह करीब छह बजे उन्हें साथ ही में चाय की दुकान करने वाले ने फोन करके बताया कि उनकी दुकान का शटर टूटा हुआ है। उन्होंने दुकान पर देखा तो चोर लगभग 15 हजार रुपये के टाक टाइम बैलेंस वाले मोबाइल तथा लगभग 70 हजार रुपये के नए मोबाइल दुकान से ले गए। चोरी की घटना दुकान के साथ ही स्थित एक दुकान में लगे सीसीटीवीमें कैद हो गई है। इसके अलावा गांव करियाम में मनियारी की दुकान करने वाले विकास गुप्ता ने पुलिस को बताया कि चोर उनकी दुकान से भी लगभग 20 हजार के नए हार तथा गल्ले में रखा लगभग 35 हजार चुरा कर ले गए। जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर शहबाज सिंह मौके पर पहुंचे।