बाइक सवारों ने लूटा अध्यापिका का पर्स
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट।
डल्हौजी रोड पर पुराने एसडीएम कोर्ट के पास बाइक सवार दो युवके एक्टिवा सवार आर्मी के प्राइमरी स्कूल में तैनात अध्यापिका का पर्स छीनकर भाग निकले। महिला टीचर ने शोर भी मचाया, लेकिन बाइक सवार डल्हौजी रोड से सिंबल चौक की ओर भागने में सफल हो गए। मोहल्ला रामनगर की रहने वाली महिला आराधना अपने पति संदीप डोगरा व दो बच्चों के साथ बाजार से शापिंग कर एक्टिवा पर घर लौट रहे थे। पति संदीप डोगरा ने बताया कि पर्स में 10 हजार रुपये, मोबाइल, स्कूल गेट पास, एटीएम, आधार कार्ड, पैन कार्ड, घर की चाबियां व अन्य जरूरी कागजात थे।
फौजी संदीप ने बताया कि वह पत्नी आराधना व दो बच्चों के साथ बाजार से शापिंग कर मोहल्ला रामनगर घर की ओर लौट रहे थे। डल्हौजी रोड स्थित एसडीएम कोर्ट पर पड़ते रेलवे फाटक बंद होने से रुक गए। इतनी देर में पीछे से आए बाइक सवार दो युवक पत्नी के हाथ से लेडीज पर्स छीनकर फरार हो गए। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की है। उधर पुलिस ने शिकायतकर्ता संदीप डोगरा को साथ लेकर राउंड भी किया, लेकिन स्नैचरो का कोई पता नहीं चला। संदीप डोगरा का कहना है कि शहर के बीचोबीच क्राइम की घटना हो रही है, जो निंदनीय है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि शहर में घूम रहे स्नैचरों को जल्द पकड़ा जाए। बता दें कि इससे पहले भी स्नैचरो ने पटेल चौक पुलिस नाके के पास, पंजाब महल व भदरोआ रोड पर महिला का पर्स, कानो की बाली व सोने की चेन छीनकर भागे थे। थाना डिवीजन नंबर एक के प्रभारी अवतार का कहना है कि लुटेरों की तलाश की जा रही है।