चंद रुपयों की खातिर किया कत्ल, धरे गए
अदालत ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा
गांव बूढेनंगल के खेतों में मिला था जतिंदरपाल सिंह का शव
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। थाना रंगड नंगल के आधीन आते गांव बूढ़ेनंगल में बीती 19 अगस्त को हुई हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया नशे की हालत में कुछ रुपयों के लिए हत्या की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
थाना रंगड नंगल के एसएचओ हरिकृष्ण ने बताया कि पुलिस ने 19 अगस्त को गांव चाहल कलां के रहने वाले जतिंदरपाल सिंह सोढी (25) की हत्या कर दी गई थी। हत्या में नामजद आरोपी मनदीप सिंह निवासी गांव चाहल कलां और उसके साथी अमरबीर सिंह निवासी गांव रंगड नंगल को पुलिस पार्टी ने मंगलवार की देर शाम को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को बुधवार को बटाला कोर्ट में पेश किया। अदालत ने दोनों आरोपियों को न्यायिक जेल भेज दिया गया है।
एसएचओ ने बताया दोनों आरोपियों ने प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने जानकारी दी कि उन्होंने शराब पी रखी थी और जतिंदर पाल सिंह के पास कुछ पैसे थे, जिसके लिए उन्होंने उसकी हत्या कर दी। एसएचओ नेे बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी। उल्लेखनीय है कि बटाला के गांव चाहल कलां का रहने वाला जतिंदरपाल सिंह अलीगढ़ की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। वह अलीगढ़ से 17 अगस्त को अलीगढ़ से बटाला के अड्डा अचल साहिब पहुंचा। वहां से घरवालों के लिए फ्रूट खरीदा और उसके बाद जतिंदरपाल सिंह घर नही पहुंचा। 19 अगस्त को गांव बूढेनंगल के खेतों में जतिंदरपाल सिंह का शव मिला था। थाना रंगड नंगल पुलिस ने जतिंदरपाल सिंह की हत्या करने के आरोप में मनदीप और अमरबीर के खिलाफ मामला दर्ज किया था।