ट्रक के नीचे कुचलने से स्कूटी सवार की मौत
दूसरा गंभीर घायल, सिविल अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शुरू की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला।
स्थानीय उमरपुरा रोड पर शुक्रवार को ट्रक को ओवरटेक करते समय सड़क पर खड़े पानी में स्कूटी फिसल गई। इससे स्कूटी सवार दो लोगों में से एक की ट्रक के नीचे कुचले जाने से मौत हो गई और दूसरा गंभीर घायल हो गया। मौके से ड्राइवर अपना ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
सिविल अस्पताल में भर्ती बलजिंदर सिंह वासी दकोहा ने बताया कि वह अपनी स्कूटी पर अवतार सिंह वासी गांव मीके के साथ बटाला को किसी बैंक के काम के लिए आ रहा था। अवतार उसकी स्कूटी के पीछे बैठा था। वह जब उमरपुरा के पास पहुंचे ट्रक को ओवरटेक करते समय सड़क पर पानी खड़ा होने से उनकी स्कूटी स्लिप हो गई। इससे वह दोनों स्कूटी से सड़क पर गिर गए।
सड़क पर गिरने से बलजिंदर सिंह जख्मी हो गया और अवतार सिंह ट्रक के पहिये के नीचे आ गया। दोनों को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने अवतार सिंह को मृत घोषित कर दिया। बलजिंदर सिंह का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं घटना स्थल से चालक ट्रक वहीं पर छोड़कर फरार हो गया। थाना सिविल लाइन के प्रभारी परमजीत सिंह और अर्बन एस्टेट चौकी की इंचार्ज एसआई प्रीती ने घटना का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।