झगड़े में घायल लोग अस्पताल में भी भिड़े
रेत के ढेर को लेकर हुआ दो गुटों में झगड़ा, दो घायल
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट।
मोहल्ला भदरोआ की गली में रेत का ढेर हटाने को लेकर दो गुटों में झगड़ा हो गया। इस झगड़े में सुखदेव सिंह निवासी मोहल्ला भदरोआ व गोपी कृष्ण मोहल्ला प्रीत नगर घायल हो गए। दोनों सिविल अस्पताल के ट्रामा सेंटर में फिर से भिड़ गए। मारपीटमें अस्पताल के शीशे व टाइलें भी टूट गईं। एसएमओ डॉ. भून्द्ऱि सिंह हमलावरों को पुलिस हवाले करवाया तथा अस्पताल के हुए नुकसान का हरजाना भरवाया।
वहीं झगड़े को अंजाम देने वालों दोनों गुटों ने एक दूसरे पर आरोप लगाए हैं। घायल सुखदेव सिंह का आरोप है कि वह मंगलवार की सुबह अपनी कार पर सवार होकर घर की ओर जा रहा था। गली में रेत का ढेर लगा हुआ था, जिसे हटाने के लिए उन्होंने गोपी कृष्ण को कहा। उसने बात सुनते ही उन पर रेत हटाने वाले बेलचा से हमला करके घायल कर दिया। जब वह अपना मेडिकल करवाने अस्पताल आए तो उसने फिर से अपने कुछ साथियों को बुलाकर उन पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस थाना में कर दी है।
वहीं दूसरे गुट के घायल गोपी कृष्ण ने आरोप लगाया कि वह भदरोआ में मजदूरी करने गया था। वह रेत को हटा रहा था कि सुखदेव सिंह ने गाड़ी से उतर कर उन पर बेलचा से हमला करके उन्हें घायल कर दिया। वह अपना मेडिकल करवाने सिविल अस्पताल आया था। यहां उसने अपने साथियों से मिल कर उन्हें घायल किया है। इसकी शिकायत उसने थाने में की है।