पुलिस स्टेशन के बाहर पकड़ी बस को चालक लेकर रफूचक्कर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर। जिला रीजनल ट्रांसपोर्ट अथारिटी गुरदासपुर की ओर से मोटर व्हीकल एक्ट के तहत बंद की बस को चालक अपने एक अन्य साथी समेत चुराकर रफूचक्कर हो गया। दीनानगर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी और बस की तलाश शुरू कर दी है।
दीनानगर पुलिस स्टेशन के मुंशी सतनाम सिंह के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। इसमें उसने बताया कि सहायक रीजनल ट्रांसपोर्ट अथारिटी गुरदासपुर के गनमैन हेड कांस्टेबल जगजीत सिंह ने बस पीबी-06-एफ-9599 को आरटी एक्ट के तहत पकड़ा। इस संबंधी रिपोर्ट दर्ज कर बस को पुलिस स्टेशन में स्थान न होने के कारण पुलिस स्टेशन की दीवार के साथ जीटी रोड पर खड़ा किया था। आरोपी बस का ड्राइवर लवदीप सिंह निवासी गांव मराड़ा अपने एक साथी के साथ मिलकर यह बस वहां से चोरी कर ले गया है। पुलिस ने इस संबंधी केस दर्ज कर आरोपी और बस की तलाश शुरू कर दी है।