जम्मू सहित अन्य केंद्रों के लिए
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सभी आरोपी गुरदासपुर जेल भेजे
एसएसपी पठानकोट को निजी तौर पर बुलाकर जज ने जिम्मेदारी सौंपी
डिप्टी जेल सुपरिंटेंडेंट गुरदासपुर को भी बुलाकर जजमेंट के कागज सौंपे
आठवें गवाह की गवाही पूरी, गवाह ने माना कि देव स्थान के तीन दरवाजे, तीन चाबियां, 6 के नाम है संपत्ति
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट (गुरदासपुर)। कठुआ हत्याकांड तथा रेप मामले में बुधवार को सेशन जज तजविंदर सिंह की अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के तहत एसएसपी पठानकोट विवेकशील सोनी को अदालत में बुलाकर सभी आरोपियों को लाने-ले जाने और सुरक्षा की जिम्मेदारी निजी तौर पर सौंपी। यही नहीं इस मामले को निजी तौर पर मॉनिटर करने को कहा। इसके साथ जज ने गुरदासपुर केंद्रीय जेल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट को भी बुलाकर ऑर्डर की कापी सौंपी। जज ने एसएसपी को आरोपियों के जान-माल, स्वास्थ्य, जेल के अंदर देख रेख तथा आरोपियों के संपर्क में रहने को कहा। उन्होंने कहा कि आज से यह जिम्मेदारी पंजाब पुलिस की होगी न कि जम्मू कश्मीर पुलिस की।
दूसरी तरफ बचाव पक्ष के वकील एके साहनी ने बताया कि बुधवार को आठवें गवाह की जिरह और गवाही खत्म हो गई। जिरह के दौरान गवाह ने कहा कि देव स्थान के तीन दरवाजे हैं, तीन चाबियां हैं, जो एक आरोपी तथा दो किसी अन्य के पास रहती है। उन्होंने रिकार्ड में भी बताया कि देव स्थान की मल्कियत एक आरोपी के नाम तथा छह अन्य व्यक्तियों के नाम दर्ज है। जो उन्होंने लिखित रूप में क्राइम ब्रांच को जमा करवा दी थी। इसी के साथ एक अन्य गवाह, जो उस वक्त हीरानगर थाने का प्रभारी था, की भी जिरह शुरू हुई। जो गुरुवार को पूरी होगी और पता चलेगा कि एफआईआर 10, 11 या 12 तारीख को लिखी थी और किसने लिखी थी। गौर रहे कि इस केस में कुल 221 गवाहों के बयान दर्ज होने हैं।
सातों आरोपियों को केंद्रीय जेल गुरदासपुर लाया गया
गुरदासपुर। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बुधवार को कठुआ दुष्कर्म कांड के सातों आरोपियों को केंद्रीय जेल में शिफ्ट कर दिया गया। आरोपियों के आने से पूर्व जेल परिसर के बाहर व अंदर सख्त सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। बुधवार को शाम लगभग 6 बजे जम्मू कश्मीर पुलिस की गाड़ी एसपी हेम पुष्प शर्मा के नेतृत्व में सातों आरोपियों को लेकर गुरदासपुर जेल पहुंची। जिला गुरदासपुर व जम्मू कश्मीर पुलिस ने सुरक्षा के बीच आरोपियों को जेल परिसर में दाखिल कराया। इस दौरान मीडिया का भारी जमावड़ा रहा।