14 लोगों से सिंगापुर भेजने के नाम पर 20.57 लाख ठगे
महिला ट्रेेवल एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। सिंगापुर में रोजगार के लिए भेजने का झांसा देकर लाखों की ठगी करके फरार हुई महिला ट्रेवल एजेंट के खिलाफ पुलिस थाना सिविल लाइन बटाला ने मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की जांच कर रहे सिविल लाइन के एएसआई कैलाश चंद्र ने बताया कि कुलविंदर सिंह पुत्र कर्म सिंह वासी गांव कल्याणपुर ने पुलिस को शिकायत दी थी कि लुधियाना की रहने वाली परमजीत कौर ने बटाला के जीटी रोड पर ट्रेवल एजेंसी का दफ्तर खोल रखा था। कुलविंदर सिंह के अनुसार वह विदेश में रोजगार के लिए जाना चाहता था। अखबार में प्रकाशित विज्ञापन पढ़कर वह ट्रेवल एजेंट परमजीत कौर के दफ्तर गई थी। उक्त महिला ट्रेवल एजेंट ने उसे सिंगापुर भेजने के लिए 1 लाख 60 हजार रुपये लिए। उसके अलावा 14 अन्य लोगों ने भी उक्त ट्रेवल एजेंट को सिंगापुर जाने के लिए पैसा दिया। इस तरह उक्त सभी से कुल मिलाकर महिला ट्रेवल एजेंट ने 20 लाख 57 हजार रुपये इकट्ठा कर लिए लेकिन काफी समय बीत जाने पर भी परमजीत कौर ने किसी को विदेश नहीं भेजा। न ही पैसा वापस किया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उक्त महिला ट्रेवल एजेंट ने ऐसा करके उनसे ठगी की है।
जांच अधिकारी ने बताया कि शिकायकर्ता की उस लिखित शिकायत की इनक्वायरी एसपी ऑपरेशन बटाला ने की। जांच में आरोपी पाए जाने के बाद एसएसपी बटाला के आदेश पर उक्त महिला ट्रेवल एजेंट के खिलाफ पुलिस थाना सिविल लाइन में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।