अमृतसर जिला शहरी पुलिस ने सीमा पार से संचालित अवैध हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े एक नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छह अत्याधुनिक पिस्तौल, एक किलो हेरोइन, एक किलो अफीम और 10 हजार रुपये ड्रग मनी के बरामद किए हैं।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के सीधे संपर्क में थे। यही हैंडलर अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते अवैध हथियार और नशीले पदार्थ भारत भिजवाता था। आरोपियों का काम इन खेपों को प्राप्त कर आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाना था।
थाना छेहरटा और थाना कैंट में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के आगे और पीछे जुड़े सभी संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही विदेश में बैठे हैंडलर और उसके अन्य सहयोगियों की पहचान कर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सीमा पार से संचालित तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।