कोरोना वार्ड में दाखिल अमृतसर सिविल अस्पताल के एसएमओ अरुण शर्मा नाच गाकर करोना मरीजों का हौसला ब?
- फोटो : AMRITSAR
जिंदगी जिंदादिली का नाम है, इसका उदाहरण कोरोना संक्रमित सिविल अस्पताल अमृतसर के एसएमओ डॉ. अरुण शर्मा ने पेश किया है। डॉ. अरुण शर्मा पिछले एक सप्ताह से पॉजिटिव हैं। एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। रविवार को उन्होंने अस्पताल से ही एक वीडियो बनवाया जिसमें वह बेड पर बैठकर झूमते दिखाई दे रहे हैं।
डॉ. अरुण शर्मा आक्सीजन सपोर्ट पर हैं। कोरोना के साथ-साथ उन्हें हृदय संबंधी रोग भी है। रविवार को उन्होंने स्टाफ से कहा कि बेड पर रहकर बोरियत महसूस कर रहे हैं, क्यों न कुछ हटके किया जाए। अस्पताल के चेयरमैन पवन अरोड़ा ने डॉ. अरुण को स्वीकृति प्रदान की। कोरोना वॉर्ड में म्यूजिक का प्रबंध किया गया। अस्पताल का स्टाफ डॉ. अरुण के पास पहुंचा। इसके बाद एसएमओ बेड पर बैठे-बैठे ही पंजाबी गीतों पर झूमने लगे। बेड पर झूमते हुए वह इतने जोश में आ गए कि आक्सीजन की ड्रिप लगी होने के बावजूद बेड से नीचे उतरे व स्टाफ सदस्यों के साथ पंजाबी गीतों पर भंगड़ा डालने लगे।
डॉ. अरुण शर्मा ने कहा कि कोरोना को डरकर नहीं भगाया जा सकता है। मैंने उन लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया है जो कोरोना संक्रमित होने के कारण गहरे सदमे में हैं। उन्हें समझना होगा कि कोरोना को जीतना है तो अपनी इच्छा शक्ति मजबूत करें। अस्पताल के चेयरमैन पवन अरोड़ा ने कहा कि मरीज को पारिवारिक माहौल दिखाया जाए तो वह जल्दी ठीक होकर जा सकता है। वैसे डॉ. अरुण शर्मा इस वायरस को दृढ़ता और धैर्यता से परास्त कर रहे हैं।
सिविल अस्पताल के स्टाफ ने भी डॉ. अरुण शर्मा की प्रशंसा की। सिविल अस्पताल में कार्यरत एप्थेलेमिक आफिसर राकेश शर्मा ने कहा कि डॉ. अरुण शर्मा कोरोना को मात देने के एकदम करीब हैं। हम उनकी शीघ्र सेहतयाबी की कामना करते हैं।