संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। कस्बा छेहरटा में देर रात दो पक्षों में विवाद के बाद गोलियां चलीं। गोलियां लगने से दोनों पक्षों के दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। पुलिस ने इस मामले में तीन हमलावरों को गिरफ्तार किया है। अनीता रानी ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा अरुणजीत सिंह मनी का कुछ समय पहले किसी से विवाद चल रहा था। जिसका राजीनामा हो चुका है। मंगलवार रात करीब सवा 11 बजे खाना खाकर अपने किसी दोस्त की बाइक लेकर घर से निकला था। उन्होंने कहा कुछ समय के बाद कुछ लोगों ने बताया कि उनके बेटे को किसी ने स्कूल आफ एमिनेंस छेहरटा के पास गोली मार दी है। जिसे अमनदीप अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि स्कूल आफ एमिनेंस के पास प्रिंस मट्टू की बहन की बर्थ डे पार्टी थी, जिसमें उन्होंने दीपक कुमार को बुलाया था, पर अरुणजीत सिंह मनी तथा उसका दोस्त बिल्ला बिना बुलाए वहां पहुंच गए, जिसके बाद प्रिंस मट्टू, अरुणजीत सिंह मनी धनिया , मनप्रीत पन्नू , गुरप्रीत सिंह, खुशप्रीत सिंह में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों तरफ से एक दुसरे पर गोलियां चला दीं गई। इस दौरान अरुणजीत सिंह मनी के चार गोलियां लग गई, जिसे उसके दोस्तों ने तुरंत अमनदीप अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मनी की एक गोली दीपक कुमार को भी लगी है। उन्होंने कहा कि जख्मी दीपक कुमार तथा मनी का दोस्त बिल्ला दोनों फरार हैं। पुलिस ने प्रिंस मट्टू, मनमीत पन्नू तथा एकलव्या को गिरफतार कर मौके से दो बाइक बरामद करने के साथ गोलियों के खोल भी बरामद किए हैं।