अमृतसर। सुल्तान विंड रोड स्थित कोट हरनाम दास में सोमवार की रात घर में घुसकर पिस्तौल के बल पर सोना लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से ढाई सौ ग्राम सोना और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद हुई है। एडीसीपी हरपाल सिंह और बी डिवीजन थाने के इंस्पेक्टर गुरविदर सिंह ने आरोपियों की पहचान कोट हरनामदास निवासी दीप सिंह उर्फ दीपा और कोट आत्माराम निवासी अरविदर सिंह उर्फ रोहित के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कोट हरनामदास निवासी मुकेश कुमार आभूषणों में नग लगाता है। वह अक्सर आभूषण अपने घर ले आता है। सोमवार की देर रात तीन नकाबपोश उसके घर पहुंचे और पिस्तौल के बल पर उससे 300 ग्राम सोना लूटकर ले गए। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो मामला साफ हो गया। पुलिस फरार चल रहे तीसरे साथी की तलाश कर रही है।