बटाला। कनाडा भेजने के नाम पर ठगी करने वालों से पैसे वापस मांगने पर एजेंट ने पहले धमकियां दीं, फिर अगले दिन घर पर फायरिंग कर साथियों समेत फरार हो गया। इसमें कोई नुकसान नहीं हुआ है। पुलिस ने एजेंट और उसके साथी पर धोखाधड़ी, धमकियां देने और असलाह एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी अभी फरार हैं।
इस संबंध में थाना फतेहगढ़ चूड़ियां के एएसआई लखविंदर सिंह ने बताया कि निर्मल कौर निवासी कोट खजाना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसने अपने बेटे को कनाडा भेजना था। जिसके लिए गांव के ही रहने वाले एजेंट परमजीत सिंह और हरजीत सिंह निवासी रईया को 2016 में 5 लाख रुपये दिए थे। बाद में वे टाल-मटोल करने लगे। इन लोगों ने बेटे को कनाडा नहीं भेजा। उसने इनसे कहा कि उसके पैसे वापस कर दें, लेकिन 2 साल तक पैसे वापस नहीं किए। 2018 में दोनों ने 80 हजार रुपये वापस किए और बाकी पैसे देने के लिए फिर टाल-मटोल करते रहे। 1 मई 2021 को उसके पति दविंदर सिंह ने परमजीत सिंह से जब पैसों की मांग की तो वह आगे से कहने लगा कि उसने पैसे वापस नहीं करने और धमकियां देनी शुरू कर दी।
निर्मल कौर ने बताया कि इसी रंजिश में रविवार को परमजीत सिंह ने कुछ व्यक्तियों के साथ घर पर फायरिंग की। गनीमत रही कि गोलियां घर की दीवारों पर ही लगीं। एएसआई लखविंदर सिंह ने बताया कि थाना फतेहगढ़ चूडियां में पुलिस ने निर्मल कौर के बयान पर परमजीत सिंह और हरजीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकाने और असलहा एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।