अटारी वाघा सीमा... फाइल फोटो
- फोटो : amar ujala
कोरोना वायरस की बढ़ती गति को देखते हुए भारत-पाक सीमा ज्वाइंट चेक पोस्ट (जेसीपी) अटारी पर रोजाना शाम को होने वाली रिट्रीट सेरेमनी पर अगले आदेशों तक रोक लगा दी गई है। हेडक्वार्टर्स पंजाब फ्रंटियर बीएसएफ, जालंधर के डीआईजी ने बुधवार की देर रात करीब 10.42 बजे इस संबंधी मीडिया के जरिए आम पब्लिक के लिए आदेश जारी किए हैं।
इन आदेशों के बाद भारत-पाक सीमा पर रोजाना शाम को होने वाली बीएसएफ और पाक रेंजर्स के बीच होने वाली रिट्रीट सेरेमनी देखने के लिए आम पब्लिक पर रोक लगा दी है। बीएसएफ के डीआईजी ने इसका कारण तेजी से बढ़ रही कोविड के मरीजों की संख्या बताया है।
गौर हो कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए 7 मार्च, 2020 को जेसीपी अटारी पर बीएसएफ और पाक रेंजर्स के बीच रोजाना शाम को होने वाली संयुक्त रिट्रीट सेरेमनी पर रोक लगा दी थी। इसके बाद बीएसएफ के सिर्फ 5 जवान ही मात्र कुछ पाक रेंजर्स के साथ परेड कर राष्ट्रीय ध्वज उतारने की रस्म अदा करते थे। भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने इस दौरान होने वाली बीएसएफ की परेड को देखने के लिए आम पब्लिक पर रोक लगा दी गई थी।
कोरोना वायरस का खतरा कम होने पर भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने 4 अक्तूबर, 2020 को ही भारत-पाक सीमा अटारी पर यह रिट्रीट सेरेमनी की शुरुआत आम पब्लिक के लिए ओपन की थी। इस दौरान जेसीपी अटारी की गैलरी में बीएसएफ के जवान, कस्टम अधिकारी और देश और पंजाब सरकार की खुफिया एजेंसियों के अधिकारी ही वहां रहते थे।
गौर हो कि अमृतसर में बुधवार को डिप्टी कमिश्नर गुरप्रीत खैहरा सहित 105 लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं।