थाना मत्तेवाल के अधीन गांव अठवाल में देर रात गुरुद्वारे के ग्रंथी को हटाने के विवाद में हुए झगड़े में पूर्व सरपंच सहित तीन लोग घायल हो गए।
घायलों को गुरु नानक देव अस्पताल भर्ती कराने के लिए लाया गया तो सरपंच ने अस्पताल में अपनी दोनाली से फायर कर दिए जिससे अस्पताल में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर थाना मजीठा रोड के इंचार्ज गगनदीप सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने कारतूस के खोल को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इससे पहले गांव अठवाल में देर शाम गुरुद्वारे के ग्रंथी राम सिंह को हटाने के विवाद को लेकर पूर्व सरपंच तरलोक सिंह, पंचायत सदस्य बलविंदर सिंह और उसी गांव के भगवान सिंह के बीच पहले बहस हुई। इसके बाद उन्होंने गुरुद्वारे के अंदर ही तेजधार हथियारों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
इससे बलविंदर और तरलोक सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई और भगवान सिंह की बाजू टूट गई। घायलों को पहले तरसीका अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें गुरु नानक देव अस्पताल भेज दिया गया।
जब भगवान सिंह के परिजन उन्हें अस्पताल में लेकर गए तो वहां पर गांव के सरपंच जरनैल सिंह ने उन पर अपनी दोनाली से गोली चला दी जिस कारण अस्पताल में अफरातफरी मच गई।
घटनास्थल पर मजीठा रोड थाना इंचार्ज गगनदीप सिंह ने पहुंचकर चलाए गए रौंद को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मत्तेवाल के इंचार्ज मुख्तियार सिंह ने बताया कि घायलों के बयान लेकर मामला दर्ज कर लिया है।