अमृतसर के एसएसपी देहाती अजनालसा में हुई बेअदबी की वारदात के बारे में जानकारी देते हुए।
- फोटो : AMRITSAR
अमृतसर जिला की तहसील अजनाला के गांव जस्तरवाल के गुरुद्वारा नानकसर साहिब में बेअदबी करने के आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने सिख परंपराओं के अनुसार सजा दिए जाने के प्रयास को विफल करते हुए साजिश का खुलासा करने व आरोपी को कानून के मुताबिक सख्त सजा दिए जाने का आश्वासन दिया। यह जानकारी एसएसपी देहाती राकेश कौशल ने वीरवार को शाम पुलिस लाइन दुबुर्जी में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी।
उन्होंने बताया कि 5 जनवरी को प्रधानमंत्री के दौरे के कारण ज्यादातर पुलिस अधिकारी और एसएचओ फिरोजपुर गए थे। जैसे ही उन्हें गुरुद्वारा नानकसर में हुई बेअदबी की घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने बिना समय गंवाए और आरोपी को भीड़ से बचाने के लिए सीनियर अधिकारियों को मौके पर भेज दिया। जिसके तुरंत बाद ही एसपी (डी.) मनोज कुमार, एसपी अमनदीप कौर और एसपी जगजीत सिंह वालिया उपलब्ध पुलिस बल के साथ पहुंचे। जहां देखा कि 300-400 लोगों ने एक व्यक्ति को घेर रखा था।
एसएसपी कौशल ने बताया कि क्योंकि धार्मिक मामला होने और अतीत में हुई बेअदबी के मामलों को लेकर संगत में गुस्सा था। लोगों से उसे सिख परंपराओं के मुताबिक सजा देने की संभावना थी। इसलिए वारदात वाली जगह से आरोपी को बचाने और इसके पीछे की साजिश का सच सामने लाने के लिए संगत के सहयोग से उसे हिरासत में ले लिया गया। आरोपी की पहचान जेडारोल निवासी मालदा पश्चिम बंगाल के रूप में होने के बाद उसके खिलाफ भिंडीसैंदा थाने में केस दर्ज कर लिया गया। एसएसपी ने कहा कि पूछताछ में बेअदबी संबंधी तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
दोषी ने 25 मिनट बिताए थे गुरुद्वारे में
एसएसपी राकेश कौशल ने बताया कि गुरुद्वारे में लगे सीसीटीवी की फुटेज को लेकर खंगाला गया, जिसमें पाया गया कि दोषी ने गुरुद्वारे में करीब 25 मिनट बिताए। इस दौरान उसने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को पीढ़ा साहिब से उठाकर गुरुद्वारे में एक अन्य कड़ाह प्रसाद वाले मेज पर रख दिया। इसके अलावा आरोपी ने गुरुद्वारे से रुमाले, चंवर साहिब और गुटका साहिब जैसी अन्य पवित्र चीजों को अपने साथ लेकर गुरुद्वारा साहिब से बाहर चला गया। इसके बाद लोगों ने आरोपी को पवित्र वस्तुओं सहित काबू कर लिया और पिटाई करनी शुरू कर दी।