पठानकोट-जालंधर नेशनल हाईवे पर शनिवार की देर शाम गांव तलवाड़ा जटटां के नजदीक ट्रक की टक्कर से दिल्ली निवासी बाइक सवार नौजवान की मौत हो गई और उसका दोस्त मामूली रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर भाग निकले चालक के खिलाफ नंगलभूर चौकी पुलिस ने केस दर्ज किया।
मृतक की पहचान नीरज शर्मा (28) निवासी पुराना रोशनपुर नईदिल्ली और घायल की पहचान प्रवीन (33) नई दिल्ली के तौर पर हुई है। नंगलभूर चौकी इंचार्ज एएसआई अरुण कुमार ने बताया कि नीरज शर्मा व उसका दोस्त प्रवीन बाइक पर सवार होकर दिल्ली से लेह लद्दाख घूमने के लिए जा रहे थे। तलवाड़ा जटटां के नजदीक हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
इससे बाइक चला रहे नीरज की मौके पर मौत हो गई और उसके दोस्त प्रवीन को मामूली चोटें आई है। प्रवीन का स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया गया। उन्होंने बताया नीरज का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और अज्ञात चालक के खिलाफ धारा कई धाराओं मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।