अमृतसर। अमृतसर शहरी इलाका सेंट्रल और ईस्ट विधानसभा हलके में घोषित आम आदमी पार्टी के उम्मीद्वारों को लेकर पार्टी के अंदर ही विरोध होना शुरु हो गया है। सेंट्रल हलके के उम्मीद्वार डा. अजय गुप्ता ने कुछ समय पहले ही आप पार्टी को ज्वाइन किया था। डा. गुप्ता के पार्टी के अंदर विरोधी उन्हें टिकट मिलने पर पैराशूट से उतरा उम्मीद्वार
मान रहे हैं। जबकि ईस्ट विधानसभा हलके की उम्मीद्वार व आप आदमी पार्टी की जिला अध्यक्ष जीवन जोत को मजबूत उम्मीद्वार नहीं माना जा रहा।
ईस्ट हलका से मौजूदा विधायक व पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) प्रदेश प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू चुनाव मैदान में होने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। यह भी हो सकता है कि शिरोमणि अकाली दल माझा जोन के जरनैल व युवा नेता बिक्रम मजीठिया को चुनाव मैदान में उतार दे। अगर ऐसा हो जाता है तो आम आदमी पार्टी का उम्मीद्वार यहां से उक्त दोनों नेताओं की तेज आंधी के बीच बह जाएगा। वहीं अमृतसर पश्चिम हलके में आप पार्टी के साथ लंबे सममय से जुड़े डा. इंद्रजीत भी अपने हलके से पार्टी के उम्मीद्वार डा. जसबीर सिंह के साथ चलने से कतरा रहे हैं।
अभी कोई भी खुल कर बात नहीं करता बल्कि यू ट्यूब चैनल या उम्मीद्वार बाबत कुछ बातें उड़ा कर उम्मीद्वारी पाने का अपना उल्लू सीधा करने के प्रयास कर रहे हैं। आप के पूर्व जिला प्रधान अशोक तलवार ने दो दिन पहले ही इसी तरह से यू ट्यूब चैनल पर इंटरव्यू दिया। उन्होंने सेंटल हलके से उप मुख्यमंत्री व मौजूदा कांग्रेसी विधायक ओपी सोनी के सामने कमजोर उम्मीद्वार बताया। पार्टी की ओर से यहां से उम्मीद्वार का बदलाव किए जाने की चर्चाएं सुनने की बात कही और कहा कि वे पिछले 11 साल से पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं और लगातार पार्टी को अपनी सेवाएं दी। अगर पार्टी सेंट्रल हलके से उन्हें जि म्मेदारी देती है, तो वे उसे पूरी ईमानदारी से निभाएंगे।
वहीं दूसरी तरफ जिला चुनाव अधिकारी-कम-डीसी गुरप्रीत सिंह खेहरा ने बताया कि चुनाव कमीशन की हिदायतों पर स्टेटिक सर्वेलांस टीमें एक्टिवेट हो चुकी हैं। राजनेताओं द्वारा यू ट्यूब या अन्य चैनलों पर आजकल होने वाली इंटरव्यू व अन्य गतिविधियों का आंकड़ा इकट्ठा कर रहीं हैं। ताकि विज्ञापन की तरह दी जाने वाली इंटरव्यूज का पैसा उम्मीद्वार या पार्टी के चुनाव खर्चे में जोड़ा जा सके।