गुरदासपुर। भीषण सर्दी व घनी धुंध की आड़ में देश विरोधी तत्व यहां अपनी गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में हैं। मंगलवार की रात सवा नौ बजे बीएसएफ के सेक्टर गुरदासपुर की दस बटालियन की बीओपी डेरा बाबा नानक रोड पोस्ट की सीमा पर तैनात महिला जवानों ने घनी धुंध में उड़ते हुए पाक ड्रोन को देखने के बाद फायरिंग करके ड्रोन की भारतीय क्षे्त्र में आने के प्रयास को विफल किया। गौरतलब है कि सेक्टर गुरदासपुर में पिछले समय में अलग अलग बटालियनों की बीओपी 23 के करीब पाकिस्तानी ड्रोन पर फायरिंग की जा चुकी है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार की रात को बीएसएफ की दस बटालियन की बीओपी डेरा बाबा नानक रोड पोस्ट जो कि करतारपुर पेसेंजर टर्मिनल से करीब डेढ़ किलोमीटर के करीब दूरी पर है, पर तैनात जवानों ने सीमा पर पाक ड्रोन को उड़ता हुआ देखा। घनी धुंध में उड़ते हुए ड्रोन को देखते ही डयूटी पर तैनात बीएसएफ के जवानों द्वारा ड्रोन पर 14 गोलियां चलाई गई। जिसके बाद इलाके में सर्च अभियान चलाया गया। खबर लिखे जाने तक बीएसएफ के हाथ कोई भी संदिगध वस्तु हाथ नहीं लगी। बीएसएफ के डीआईजी प्रभाकर जोशी ने बताया कि बीएसएफ के जवानों द्वारा घनी धुंध के दौरान सीमा पर उड़ते पाकिस्तानी ड्रोन को देखते ही महिला कांस्टेबलों द्वारा फायरिंग करनी शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि बीएसएफ के पुरुष व महिला जवान सीमा पर पूरी तरह से चौकस है और देश विरोधी ताकतों पर पैनी नजर रखे है।