नववर्ष पर डेरा सचखंड बल्लां में नतमस्तक हुए केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय कन्वीनर और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार सुबह डेरा सचखंड बल्लां में नतमस्तक हुए। इस मौके पर उनके साथ पार्टी के पंजाब अध्यक्ष भगवंत मान, नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा समेत अन्य आप नेता भी मौजूद थे।
डेरा सचखंड बल्लां पहुंचने पर डेरे के ट्रस्टी सदस्यों और सेवादारों ने केजरीवाल समेत सभी आप नेताओं का स्वागत किया। केजरीवाल ने कहा कि आध्यात्मिकता के साथ भाईचारे, एकता और समानता स्थापित करने लिए डेरा सचखंड बल्लां का अहम योगदान रहा हैं। वह सचखंड बल्लां में नतमस्तक होने जरूर आते हैं। उन्होंने कहा कि डेरे में पहुंचकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का आनंदमयी एहसास होता है। इस दौरान अजय दत्त, बलकार सिंह समेत अन्य नेता मौजूद थे।
अरविंद केजरीवाल 30 दिसंबर से चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर हैं। नए साल के शुभ अवसर पर शनिवार सुबह उन्होंने डेरा सचखंड बल्लां में नतमस्तक होकर प्रदेश की खुशहाली, अमन शांति और आपसी भाईचारे के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर केजरीवाल और भगवंत मान ने डेरे के वर्तमान गद्दीनशीन बाबा संत निरंजन दास का आशीर्वाद लिया। वह डेरे में स्थित संत स्वर्ण दास जी की प्रतिमा पर नतमस्तक हुए। इस मौके पर संत निरंजन दास ने केजरीवाल को गुरु रविदास जी की तस्वीर भेंट की और केजरीवाल समेत भगवंत मान, हरपाल सिंह चीमा और बाकी सभी प्रमुख नेताओं को सिरोपा देकर सम्मानित किया।