अमृतसर। श्री अकाल तख्त साहिब ने एसजीपीसी को हिदायत दी की गई है कि अमृतधारी पटवारी मोहन सिंह भेडूपुर के सिखी पहचान वाले पांच ककारों की बेअदबी करने वाले मोगा के एसएसपी सुरजीत सिंह समेत चार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। शुक्रवार को पांच सिंह साहिबान की बैठक के दौरान यह फैसला लिया है। इस दौरान सिंह साहिबानों ने और भी महत्वपूर्ण फैसले किए। गुरदासपुर में पुलिस गोली से मारे गए जसपाल सिंह के कथित आरोपी पुलिस कर्मचारियों को बरी किए जाने की कार्रवाई को मंदभागा बताया है।
पांच सिंह साहिबान ने निजी प्रकाशकों को आदेश दिए हैं कि वह गुरुवाणी के गुटके ट्रांसपोर्ट के माध्यम से भेजने के समय सिख रहत मर्यादा का पूर्ण ध्यान रखे। अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। एक अन्य महत्वपूर्ण फैसले में माता कौंला जी भलाई केंद्र संस्था के प्रबंधकाें का आदेश दिए हैं कि वह इस नाम से ‘माता’ शब्द हटाकर ‘बीबी’ शब्द का प्रयोग करें।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को आदेश दिए गए हैं कि राजस्थान के श्री गुरु नानक खालसा स्कूल और कालेज के प्रबंधों को अपने हाथ में लें, राजस्थान के सिखों के बीच की गुटबाजी खत्म करवाया जाए। सिखी के प्रचार में योगदान डालने वाले कथावाचकों, प्रचारकों, रागियों, ढाड़ियों को हर वर्ष श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष हरजिंदर सिंह श्री नगर वाले को शिरोमणि पंथक रागी, कथा वाचक ज्ञानी पिंदरपाल सिंह को भाई साहिब के खिताब के साथ सम्मानित किया जाएगा। इस बैठक में तख्त पटना साहिब के जत्थेदार ज्ञानी इकबाल सिंह, दमदमा साहिब के ज्ञानी बलवंत सिंह नंदगढ़, तख्त हजूर साहिब के ज्ञानी प्रताप सिंह और श्री हरमंदिर साहिब के कार्यवाहक मुख्यग्रंथी ज्ञानी मल सिंह भी मौजूद थे।