अमृतसर। अमृतसर पुलिस ने बिजली ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से एक चोरी का चौपहिया वाहन, 25 किलोग्राम तांबे की तार, 250 ग्राम नशीला पाउडर और ट्रांसफार्मर खोलने के लिए उपयोग होने वाले औजार भी बरामद किए हैं।
आरोपियों की पहचान रोहित सिंह निवासी चुंगी पंडिता वाली सरहारी, निशान सिंह निवासी चोहला साहिब, कुलदीप सिंह निवासी पट्टी और अमनदीप सिंह निवासी गुमटाला के रूप में हुई है।
थाना कोतवाली पुलिस के प्रभारी सुखविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी बिजली के ट्रांसफार्मर चोरी कर उनमें से तांबे आदि के तार निकाल कर बेच देते थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वह अजनाला, अमृतसर, तरनतारन, राजासांसी, चोहला साहिब, सरहाली, रमदास और लोपोके आदि क्षेत्रों में 40 से अधिक ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं का अंजाम दे चुके हैं।