अमृतसर श्री गुरु रामदास एयरपोर्ट पर दुबई से आए दो युवकों के पासपोर्ट जिनसे 900 ग्राम सोना बरामद हुआ
- फोटो : AMRITSAR
श्री गुरु राम दास इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तैनात सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने एयर इंडिया की दुबई-अमृतसर की उड़ान से यात्रा कर पहुंचे दो यात्रियों से 940 ग्राम सोना बरामद किया है। इसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है। विभाग ने एयरपोर्ट टर्मिनल के बाहर इन यात्रियों का इंतजार कर रहे हरियाणा के तीन लोगों को भी हिरासत में लिया है। तीनों लोग टर्मिनल के बाहर दुबई से आए अपने साथियों का इंतजार कर रहे थे। कस्टम विभाग ने सभी से पूछताछ शुरू कर दी है।
कस्टम विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार हवाई अड्डे पर पहुंचे इन यात्रियों के सामान की तलाशी ली तो दो बैग में सोना छुपाया हुआ था। सोने के ऊपर काले रंग की फिल्में चढ़ाई थी, ताकि जांच के दौरान पकड़ में न आ सके। आरोपियों ने दोनों बैग में ही नीचे एक तहखाना सा बनाया था, जहां सोना रखा था। कस्टम अधिकारियों के अनुसार सोने के बढ़े दाम के कारण दुबई से सोने की तस्करी करने वाले भारतीय नागरिकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। बता दें कि इस वर्ष जुलाई में दुबई से आए छह यात्रियों से 10 किलो 220 ग्राम सोना बरामद किया गया था। तस्करी कर लाए गए सोने की कीमत पांच करोड़ रुपये थी। पांच मार्च 2020 को सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने सोने की तस्करी के तीन मामलों का पर्दाफाश कर एक किलो 856 ग्राम सोना बरामद किया था, जिसकी कीमत 84 लाख रुपये थी। इसी तरह 16 मार्च को दुबई से आए एक यात्री से 580 ग्राम सोना बरामद किया गया था, जिसकी कीमत 24 लाख थी।
अमृतसर श्री गुरु रामदास एयरपोर्ट पर दुबई से आए दो युवकों के पासपोर्टजिनसे 900 ग्राम सोना बरामद हुआ- फोटो : AMRITSAR