सेब से भरा ट्रक हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराया, दो की मौत
बटाला के कंडियाल बाइपास के पास हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। कंडियाल बाईपास के पास शनिवार शाम श्रीनगर से सेब लेकर अहमदाबाद जा रहे ट्रक की कंडियाल हाईवे पर खड़े ट्रक के साथ टक्कर हो गई। इसमें ट्रक सवार दो व्यक्ति जख्मी हो गए। जिन्हें सिविल अस्पताल बटाला में लाया गया, जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई। दूसरे घायल को अमृतसर रेफर कर दिया गया जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भागीदास पुत्र मोहन लाल और केसरमल दोनों निवासी राजस्थान ट्रक (जीजे08जेड3098) पर सेब लेकर कश्मीर से अहमदाबाद जा रहे थे। जब वह शनिवार को बटाला के गांव कंडियाल बाईपास के पास पहुंचे तो वहां हाईवे पर खड़े एक ट्रक के साथ उनकी टक्कर हो गई। टक्कर से ट्रक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों गंभीर जख्मी हो गए। दोनों को सिविल अस्पताल बटाला में ले जाया गया। जहां केसरमल की मौत हो गई, जबकि भागीदास को अमृतसर रेफर कर दिया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। थाना सिविल लाइन के एएसआई गुरमीत सिंह ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मृतकों के परिवार को सूचना दे दी गई है, वह शनिवार रात को पहुंचेंगे। रविवार को अगली कार्रवाई की जाएगी।
फोटो- 28जीडीआरबीटीएलपी03
कैप्शन- बटाला के कंडियाल बाइपास के पास क्षतिग्रस्त ट्रक।