उपवास पर बैठे कांग्रेसी केंद्र पर बरसे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर।
सूबे की शिक्षा मंत्री अरुणा चौधरी ने सोमवार को कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पिछले चार वर्षों के शासन के दौरान सिर्फ उच्च घरानों को सुख-सुविधाएं देने के लिए जोर लगाया और अनुसूचित, पिछड़े व अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों के हितों के साथ खिलवाड़ ही किया है। केंद्र सरकार एससी वर्ग के हित सुरक्षित रखने में विफल साबित हुई है, जिससे देश भर में तनाव वाली स्थिति बनी हुई है। चौधरी पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम में बोल रहीं थीं।
विधायक बलविंदर सिंह लाडी व जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी की मौजूदगी और जिला प्रधान अशोक चौधरी की अगुवाई में नेताओं व वर्करों ने उपवास रखा। जिला प्रधान ने पत्रकारों से कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण ही 2 अप्रैल को भारत बंद से देश में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हुई थी, जिसमें कई बेगुनाह लोग मारे गये थे। इसके पीछे सिर्फ केंद्र सरकार ही जिम्मेदार है। भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार न सिर्फ हिंसा को रोकने में विफल हुई, बल्कि हिंसा को उत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्ष के दौरान केंद्र सरकार ने देश भर में लोगों को बुनियादी सुविधाएं व विकास से वंचित रखा। लोग अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहे है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा देश में एकता व अखंडता बनाकर रखी है और फिर आज देश में आपसी एकता, प्यार व देश के हित्त सुरक्षित रखने के लिए दृढ़ संकल्प है। इस मौके पर चेयरमैन गुरमीत सिंह पाहड़ा, सचिव पंजाब कांग्रेस पार्टी अन्नू गंडोत्रा, सचिव तरसेम सहोता, हरदीप सिंह बेदी जिला महासचिव-कम-कार्यालय इंचार्ज, मनजीत सिंह डाला, बलवंत सिंह सोनी, दर्शन महाजन, साहिब सिंह मंड, गुरिंदर लाल, विजय कुमार केशियर, रमन सोहवाल, महिंगा राम गरीब मौजूद थे।