पठानकोट में बंद रहा असरदार
एससी, एसटी संगठनों ने किया रोष मार्च, आधा दिन बंद रहीं दुकानें
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के खिलाफ सोमवार को शहर में बंद असरदार रहा। एससी, एसटी संगठनों ने शहर में रोष मार्च निकाला। शहर में दुकानें लगभग आधा दिन बंद रहीं। वहीं इंटरनेट, बस, शॉपिंग मॉल, स्कूल, कॉलेज पूर्ण रूप से बंद रहे। इसके अलावा कई जगहों पर झड़पें होने का भी समाचार है।
सुबह नौ बजे गुरदासपुर रोड स्थित कबाड़ यूनियन धर्मशाला के बाहर नाभादास समिति, संत कबीर सभा, वाल्मीकि सभा, रविदास सभा, अखिल भारतीय सफाई मजदूर यूनियन, स्वच्छ भारत सफाई मजदूर यूनियन, डॉ. भीमराव अंबेडकर सेना समेत कई अन्य एससी, एसटी संगठनों के सदस्य एकत्रित हुे। इसके बाद समूह संगठनों ने हजारों की संख्या में शहर में रोष मार्च निकाला। मार्च वाल्मीकि चौक, गांधी चौक, सलारिया चौक आदि से गुजरा। सलारिया चौक में काफी देर तक धरना लगाया गया। इसके बाद दोपहर 1 बजे प्रदर्शन वाल्मीकि चौक में खत्म किया गया। एससी, एसटी संगठनों के समर्थन में व्यापार मंडल ने पहले से ही व्यापारियों को दुकानें बंद रखने की अपील की थी। इसके चलते सभी दुकानें बंद ही रहीं। हालांकि दोपहर एक बजे के बाद दुकानें खोल दी गईं।
संगठनों के प्रतिनिधि ज्योतिपाल भीम, दीपक भटटी, सागर भीम, रूस्तम, सुरिंदर कुमार कहा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों से एससी, एसटी एक्ट का मतलब ही खत्म हो गया है। यह दलितों के साथ अन्याय है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होनें कहा कि आगे भी इसी प्रकार संघर्ष जारी रहेगा।