अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। जिले की मंडियों में इस सीजन के दौरान अब तक छह लाख 70 हजार 34 मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी है। इसमें से 6 लाख 63 हजार 530 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। जिसका 1498 करोड़ रुपये का 100 प्रतिशत खरीद भुगतान किसानों को कर दिया गया है।
डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव ने वीरवार को घनौर मंडी का दौरा किया और धान की खरीद का जायजा लिया। इस मौके पर किसान नेताओं ने मांग की कि उन्हें गेहूं की बुआई से पहले पराली को संभालने के लिए जरूरी मशीनें दी जाएं जिससे वह पराली को जलाए बिना संभाल सकें। इसके जवाब में डिप्टी कमिश्नर ने मुख्य खेतीबाड़ी अधिकारी और दूसरे अधिकारियों को निर्देश जारी किए। इसके साथ किसानों ने मांग की कि डीएपी खाद समय पर दी जाए, जिस पर डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि बहुत जल्द डीएपी की एक रैक राजपुरा रेलवे स्टेशन पहुंच रही है। जो कि सिर्फ राजपुरा और घनौर इलाके के किसानों को ही दी जाएगी।
किसानों ने डिप्टी कमिश्नर को बताया कि मंडियों में उनकी फसल की खरीद एक साथ हो रही है। इसके साथ भुगतान भी साथ-साथ हो रहा है। डीसी ने किसानों से मंडियों में सूखा धान लाने की अपील करते हुए कहा कि ऐसा करने से किसानों को अपनी फसलें बेचने में दिक्कत नहीं होगी।
किसान अपनी फसलें बेचकर घरों को वापसी कर सकेंगे। इससे वह अगली गेहूं की फसल के लिए तैयारी समय से कर सकेंगे। इस मौके पर जिला फूड एंड सिविल सप्लाई कंट्रोलर डॉ. रविंदर कौर, जिला मंडी अफसर असलम मोहम्मद, डीएम पनसप मंदीप कालेका, डीएम मार्कफेड विपिन शर्मा, डीएम वेयरहाउस निर्मल सिंह के साथ आढ़ती और किसान मौजूद थे।